Friday, April 29, 2022

गणेश पाण्डेय

बगैर किसी वास्तविक आशय अथवा तथ्यों की समझ के जब भी हम बात करेंगे वह हल्का ही लगेगा ! गणेश पाण्डेय की आलोचना पद्धति पर लैंगिक भेद का आरोप मढ़ते समय हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि उनके कथन में निहित भाव का सारांश लैंगिक न होकर आलोचना के छद्म और विकार पर उनका कहा दारूण सच है । इसके लिए 'मर्दाना' अथवा 'जनाना' आलोचना शब्द के भावों को समझना जरूरी है ।

"मैंने जिसकी पूंछ उठाई
उसको मादा पाया"

 मैं यहां धूमिल की पंक्ति को इसलिए रख रहा हूं कि धूमिल के इस काव्य चेतना में भी क्या उन्हें यही लैंगिक भेद दिख रहा है या वह सच नहीं दिख रहा है जो धूमिल या कि गणेश पाण्डेय दिखा रहे हैं । तब साथी आपके सृजनशीलता पर मुझे संदेह है ।

Tuesday, December 14, 2021

सिद्धार्थ वल्लभ

एक कवि स्वप्न देखता है , स्वप्न को जीता है , और वह अपनी स्वप्नदर्शी दृष्टि से उसे यथार्थ के जमीन में उतारता चला जाता है । कवि की स्वप्न जीवी आकांक्षा एका नहीं चलता वह बहुआयामी होता है । सम्पूर्ण मानव जाति के विकास की प्रक्रिया में उनके उत्थान की कामना लिए होती है । सिद्धार्थ वल्लभ भी इसी कामना के कारण आज समकालीन हिंदी कविता में अपनी उपस्थिति दर्ज कराते आगे आए हैं । यह दहकता आग का गोला-सा , सीधी-साफ , खरी-खोटी कहने नहीं चूका कभी । पर यह कवि , आखिर जीवन और अपने सपनों में चाहता क्या है ? और चाहता है तो किसके लिए चाहता है तथा क्यूं चाहता है ?  कोई तो बात है ! जो सिद्धार्थ वल्लभ की कविता में यह तरूण करूणाई में आई  । सिद्धार्थ वल्लभ अपनी इस कविता में यह बता पाने में कि समझा पाने में इसलिए कारगर है कि सम्पूर्ण विश्व अपने ही बुने तानों-बानों में इस कदर उलझ गया है और व्यथित है कि वह अपनी जड़ता के नकार में अब बेहतरी देख रहा है । परन्तु यह उस हठी सांप और मेंढक के दास्तां की तरह है जिसमें सांप मेंढक को निगल भी नहीं पाता और उगल भी । पूरा विश्व समुदाय आज अपनी भौगोलिक सीमाओं ,अपनी महत्त्वाकांक्षाओं के चलते आयुध के ढेर में बदला-बदला सा दिख रहा है । समाज में एक मनुष्य दूसरे के प्रति पराभाव से ऐसा भरा है कि प्यासे हों , एक दूसरे को सूरत- ए - हाल नीचा दिखा ही ले। इस व्यग्रता व बेचैनी का कोई और छोर कहीं नहीं दिख रहा । ऐसे में हमें अब पारम्परिक स्त्रोतों की ,नैसर्गिक मूल्यों की आवश्यकता , शिद्दत से महसूस होने लगा है । कोई ऐसा राष्ट्र अथवा समाज नहीं बचा कि सिद्धार्थ की आकांक्षाओं का आकांक्षी न होगा यकीनन । सिद्धार्थ वल्लभ अपनी इस कविता में इसी सलीके की पहचान कर रहे हैं

Sunday, December 12, 2021

स्त्री कविता

हिंसा अपने किसी भी रूप में रहे बर्दाश्त कर पाना मुमकिन नहीं है । भय और अक्रांतकारी सत्ता अपने राजनीतिक , आर्थिक , सामाजिक और सांस्कृतिक चरित्र में इस बर्बरता का  पक्षकार बराबर बना हुआ है नतीजतन न्याय भी , नाउम्मीदी में बनी हुई है । संवेदना मनुष्य के भीतर नैसर्गिक है । मनुष्य अपने स्वभाविकता में कभी भी उतना उग्र नहीं है जितना कि अन्याय या अप्रीतिकर परिघटनाओं के बाद होने लगता है मसलन निर्भया कांड , उन्नाव रेप केस , कि रांची में हुई घटना को लेकर होता दिखा । वह तब और अधिक उग्रता में देखा गया कि उसने न्यायिक प्रक्रिया की लचरता से आजिज़ आ , पुलिस द्वारा कथित एनकाउंटर को भी जायज माना । हालांकि यह दुखद पहलू है कि वह न्याय प्रणाली से और संवैधानिक मूल्यों के प्रति अनासक्त हुआ। लेकिन इनघटनाओं-परिघटनाओं के विपरीत एक कवि ने उसे , स्त्री को उनकी सार्थक समाजिक सरोकार से वंचित रखे जाने के षडयंत्र के रूप में देखा है और कहा --- 

बेटियों डरना मत
इसलिए हो रहा है यह सब
कि तुम लौट जाओ
घर की कैद में
पर तुम्हें बढ़ना है आगे
मुकाबला करना है

 यह कविता उन्हें लेकर , उनसे जुड़ी तमाम चिंताओं को लेकर, पूर्णतः स्त्री अस्मिता को लेकर है  । एक पिता की चिंता , एक भाई की चिंता , एक पूरे परिवार की चिंता भी इस कविता में अभिव्यक्त होता है । कविता केवल बलात्कार को ही लेकर लिखी बिल्कुल भी नहीं है । परन्तु कवि ने इस कविता को सम समायिक बलात्कार की घटनाओं से जोड़ इसकी व्याप्ति को और अधिक व्यापक किया । किसी कवि की कविता में मौजूदा समय का भान और भविष्य की संभावनाओं की संकल्पना उसके काव्य संप्रेषण को अधिक पुष्ट बनाती है । यह इस कविता के भीतर मौजूद है । 
कवि में एक ओर जहां स्त्रियों से साहस से उठ खड़े रहने का आग्रह है वहीं उस समय और स्थिति को देखने की आकुलता है , प्रतीक्षा है । उनके लौटने में लौटना वैसा नहीं है , जैसा भय से उत्पन्न लौटने में होगा । वे साफ़ और मुखर हो कहते हैं 'लौटना'

पर हत्यारों के भय से नहीं
अपनी काम खत्म कर लौटना वापस
मैं सदियों तक उस घड़ी का इंतजार करूंगा ।

साहस बंधाती और बल देते कविताओं की श्रृंखला में कवयित्री लता पराशर , सांत्वना श्रीकांत ,  Virender Bhatia की कविता का उल्लेख मुझे जरूरी इसलिए लग रहा है कि ये कविताएं भी स्त्री चेतना के प्रति उतनी ही धैर्यवान और साहसी कविताएं हैं जो जड़ता के विरूद्ध डंट कर खड़ी है ।

लता पराशर की कविता की मानें तो स्त्री का शिक्षित होना ही उनमें वैकल्पिक सशक्तिकरण ला सकता है , उन्हें बलशाली बना सकता है  । लता की मुक्ति कामी सोच  कलुषता से मुक्त जीवन में शिक्षा रूपी मशाल जलाकर उजियारा भरने के आभा को प्रकट करती है  

मेरी प्यारी
मेरी लाडली
बच्चियां
तुम्हारे संग होने से
अपने को
तुम लोगों में
ढूंढने लगती हूं
अपनी
पढ़ाई के
प्रत्येक टूट को
फिर से
महसूस करने लगती हूं
कबसे इन दरारों को
भरने की
नाकामयाब
कोशिश कर रही हूं
शुभाशीष
पढ़ो और गढ़ो खुद को
वर्षों पहले
हमनें भी
सबको परे धकेल
बहुत मुश्किल से
तुमलोगों तक
खुद को खींचकर लाई हूं
तो सुनो
किसी की उतना ही सुनना
जितना जरूरी हो
अपने आप को
समझने के लिए
किताबें उठाओ
शब्दों को पी जाओ
जी लो
खुद को
पूर्णता में
हर कोई
इस संसार में
अकेला ही है
कांधे को छोड़ो
पैर मजबूत करो
बेड़ियां खोलना सीखो
भेड़ियों को
भगाना सीखो
सीखो
जिंदगी जी लेना
सीखो
अखबार में
छपी खबर से
घबराओ नहीं
कितनी लड़कियां
मिशाल बनी
कितनी मशाल बन
रौशन हुईं
कलुषता
जल जाए
इतना रोशनी
फैलाओ
चलो
फैसला करने की
हिम्मत जुटा लो

बस खुद को
जिंदा रखने

'सुनो लड़की' सांत्वना श्रीकांत की कविता वस्तुत: मूल अंग्रेजी में है जिसका अनुवाद जगदीश नलिन ने किया है  इसमें कोई दो राय नहीं कि सांत्वना श्रीकांत की कविताएं , स्त्री विषयक कविताओं में अतुलनीय कविता है ! इसमें जरा भी संदेह नहीं कि सांत्वना की इस प्रस्तुत कविता की धार एक स्त्री को लेकर बनी बनाई प्रचलित धारणाओं के खिलाफ साहस और बल के सहारे आगे आती है और उन धारणाओं के खिलाफ जाती है । महत्वपूर्ण यह है कि वे इस कविता में स्त्रीवाद या कि उनकी रूदन से कहीं बेहतर बल , प्रतिरोध में देती हैं । स्त्री मुक्ति अथवा समानता की कामना जड़ता को तोड़ कर ही हासिल किया जा सकता है और स्त्री को ऐसा होना होगा !  ऐसा होना , उनके होने के दरकार में शामिल है


Tuesday, September 14, 2021

कविता शरद कोकास

बच्चों और बचपन की दुनिया में कितनी कौतूहल भरी रहती है , निरा और उदात्त चित्त में कितना कुछ  समाया रहता है कि उमंग- पतंग है ,और नर्म व गर्म लिहाफ़ में ढंका वस्तुनिष्ठ उत्साह फिरकी लेता लट्टू । यह मैं नहीं एक शोधार्थी पुरातत्ववेत्ता की कविता कह रही है । नवें दशक के प्रारंभिक दिनो से अपनी काव्य यात्रा में निकल पड़े प्रगतिशील मूल्य बोध के इस जागरूक कवि का रचना संसार निरी जिद्द से प्रमाणिक तथ्यों - दस्तावेजों तक का सफ़र यूं ही तय नहीं करता वह उसकी बानगी भी बनती है ।कवि की कविता में उसका बचपन न केवल  शकुंतला पुत्र भरत के जैसे कुलांचे मारते- दिखता बल्कि नादान और चालाक खरगोश के मानिंद  संपृक्त भी ।समकालीन हिन्दी कविता में 'लोकगान' की अतिरंजना के बनिस्बत लोक संवेदना तथा लोकमंगल की कविताओं को ज्यादा स्वीकृति तथा सफल मानी गई और शरद की कविताओं में ये सारी खूबियाॅ उनके समाजिक व वैज्ञानिक बोध के साथ उदधृत हुई है । शरद के बचपन और उसके राग को मुद्दत बाद महसूस कर रहा हूं ठीक वैसा-जैसा भूख - रोटी को महसूसता है ।यह शरद का गैर राजनीतिक पक्ष होकर भी एक पक्षधर कवि की सामाजिक पक्षधरता के सन्निकट का प्रस्थान बिंदु बनता है । इस बीच शरद की 'हमसे तो बेहतर हैं रंग' व 'पुरातत्ववेत्ता' इत्यादि संग्रह हम पाठकों के मध्य आ चुका है । लिहाजा कवि की दृष्टि ज्यादा गंभीर और पैनी बन गई है । अतः कहना न होगा शरद अपने समकालीन - सहयात्रियों में महत्वपूर्ण  बन गए हैं ।

Saturday, August 28, 2021

एकता नाहर

कोई अधिक अथवा अधिकारिक जानकारी नहीं है मुझे । परन्तु यह केवल एक कविता ही है जो मुझे एकता नाहर का मुरीद बनाती है । पेशे से पत्रकार साथी एकता नाहर विद्रोही तेवर की हैं । अपनी उपस्थिति को सीधी सपाट बयानी में दर्ज़ करती हैं । हालिया प्रकाशित उनके काव्य संग्रह 'सूली पर समाज' की कविता साभार वेब पत्रिका 'अपना मोर्चा डाट काम' से ।
इस कविता को पोस्ट करने की वजह ‌और आशय साफ है समकालीन हिंदी कविता में यौनिकता के मार्फत आती अश्लीलता के बनिस्बत इस कविता से कवि कुछ यथार्थ को पकड़े ना कि अश्लील संवाद अथवा रेखाचित्र बनाएं । जहां एक उत्कृष्ट रचना अपनी रचनात्मकता में पूरी तरह समाजिक होती है। समाज में फैले वैमनस्य भावों को ठीक-ठीक रेखांकित करती है , सवाल खड़ा करती है । न्यूनतम के प्रति ईमानदार होती है । वही छद्म रचनाशीलता आपको पब्लिश करायेगा । आह ,वाह से नवाजेगा । सरोकारी नहीं बना पाएगा । यह समझने की जरूरत है । 

सपाट सीने वाली लड़कियां
------------------------------------

सपाट सीने वाली लड़कियां हर जगह से ठुकराई गयीं

 

रिश्ते की बात करने आए लड़के वालों ने 

जब नजर भर के उसे देखा तो फिर 

उसका कोई और हुनर मायने न रहा 

 

पुलिस की नौकरी में आवेदन करने से भी, 

लोक सेवा आयोग ने शर्तों में लिखा है

कि कितने इंच का होना चाहिए सीना

 

किसी चित्रकार ने अपने खूबसूरत चित्रों में

जगह नहीं दी उस स्त्री को

जिसके सीने पे उभार न था

चित्र बनाने के लिए सुडौल शरीर का बिम्ब सबसे आकर्षक था.

 

आए दिन देखा तिरस्कार 

सहेलियों की बातों में, पति की नज़रों में 

अंतरंग क्षणों में भी वो प्रेमी के सामने सहमी-सहमी सी रही

कभी खुद को ही आइने में देख हुई शर्मिंदा 

कभी पैडेड ब्रा में छिपाती रही खुद से खुद को ही 

 

उसके लिए छाती पर दुपट्टा डालना

भरे बदन वाली लड़की जितना ही जरूरी था 

ताकि वो बचा सके खुद को उस पर हंसती हुई लालची नज़रों से 

हां...भरे बदन का मतलब भरी हुई छातियों से ही है शायद. 

 

ये लोग नहीं कर सके उन्हें पूरा प्रेम 

लेकिन इन सबने चुटकुले बना कर हंसा उन पर खूब 

क्योंकि हम बड़े हुनर बाज हैं 

हर चीज को अपने चुटकुलों में जगह देते हैं.

Tuesday, August 24, 2021

रंजीत वर्मा की कविताएं दहकते सवालों और अपने बेबाकपन से पहचाना जाता है

इधर रंजीत वर्मा ने कुछ बेबाक और दहकते सवालों को अपना काव्य विषय बनाया । उनकी कविताई में काव्य विषय का चयन और कहन की शैली का जो तारतम्य है वह मुझे भी प्रभावित करता है । यानी कथ्य और शिल्प के बीच यथार्थ का जो गुथम-गुथी उनकी कविताओं में देखा गया , वह एक अलहदा खूबियों में परिलक्षित होता है । कहना न होगा कि रंजीत वर्मा की काव्य दृष्टि अपने सामर्थ्यवान खूबियों के कारण न सिर्फ सराही जाती हैं बल्कि हमारे समय को एक गंभीर इतिहास बोध से जोड़ , मंत्रणा से भर देता है । रंजीत वर्मा की कविता वस्तुत: हिंदी कविता में प्रतिरोधी चेतना की सशक्त कविताओं के साथ , हमें अपने वास्तविकता से रूबरू कराए रखने वाली जरूरी कविताएं हैं  । ये कविताएं अपने लक्ष्य तथा मुहिम के साथ आती हैं । कोई दुराव कि छिपाव नहीं होता । मतलब कि जब कोई कवि आग को आग की तरह और पानी को पानी की तरह देख-समझ लेता है तो बात को वह गोलियों के बौछारों की तरह धांय-धांय उड़ेल ही देता है । रंजीत वर्मा की शिनाख्तगी भी इसी रूप में किया जा सकता है । हमारे समय के तमाम लीपा-पोती को रंजीत वर्मा सीधे-सीधे यानी फूल को फूल और शूल को शूल कहने , देर नहीं करते । वे अपनी कविता में , कोई क्रियेटिव स्केच यदि बनाते भी हैं तो स्केच के बाहर के दृश्य और संभावनाओं को भी तल्खी में बता जाते हैं । किन्तु इधर देख रहा हूं कि हिंदी कविता में कुछ कायर और कोढ़ दिमाग के कवियों का समाज सक्रिय हो गया है , उनके द्वारा कविता की मुख्यधारा को कोसना और गरियाना जारी है । प्रतिरोध अथवा क्रांति की कविताओं से ये लोग अपने लिजलिजे संदर्भों की कविता से तुलना  करते , मुख्यधारा की कविता से अड़ाने की चेष्टा में भी कोई कोर-कसर नहीं छोड़ रहे हैं । परन्तु मुख्यधारा की कविता है कि उत्तरोत्तर गतिमान है । वजहें जो भी है पर यह साफ़ है कि उनकी पेट से जुबां तक इंफेक्शन वैचारिक कविताओं के बेधक साहस से गहराया हुआ जान पड़ता है । जहां तक मैं देख पा रहा हूं ये लोग हर दूसरे-तीसरे लफ्ज़ पर वाम को गरिया विचारधारा के ऊपर लांछन लगाने को अपनी शग़ल बना चुके हैं । घिन मुझे उन तथाकथित काव्य प्रेमियों के प्रयोजन व उस तरीके पर नहीं आते  , जो पीछे दरवाजे से सत्ता की चाकरी बजाते हुए अपना काम कर रहे होते हैं । यकीनन यह चरित्र उनका ऐतिहासिक चरित्र है ! पर मुझे घिन और उबकाई आने लगती है उनके घटिया और गैर जरूरी अल्लुक खल्लुक दांव-पेंच पर । घिन आती है उस मानसिकता पर जो सुन्दर , सजीव , और यथार्थ कला से लबरेज़ कविताओं को नकार ढुलमुल कविताओं और लिजलिजे विचारों की डुगडुगी बजाते खड़े हो जाते हैं  । वाम कवियों लेखकों में तकनीकी त्रुटियां हो सकती है , किन्तु उनके विचारों में उनके तरह के कोई भी घटिया पूर्वाग्रह नहीं है , जैसा कि इधर के उन लिजलिजे दिलों दिमाग वाले कवियों में है ।  बेसिकली ये खलियार लोग हैं । उकताए लोग हैं । और असल में अफीमी ,भंगेड़ी लोग हैं । जो चड्डी में हैं और त्रिशूल भाले के नुकीले इशारे पर चड्डी में ही दौड़ पड़ते हैं । हिंदी कविता की ऊर्वर भूमि में यदि ये लोग चिन्हित नहीं हुए या नकार दिए गए तो दोष विचारधारा का कि मार्क्सवाद का नहीं है । दोष उस भाव भूमि की है जिसमें प्रतिरोध की सामाजिक सांस्कृतिक विरासत के प्रति जिम्मेदारी का भान नहीं है । ये वो 'वीर' हैं  और उसकी संतानें हैं जिससे एक दिन इतिहास को शर्मिंदा होना ही है ।  सस्नेह सादर पढ़िए रंजीत वर्मा की कविताएं  Ranjit Verma Mili Mukherji Prashant Jain Prashant Rahi u Pratibha Upadhyaya Jyoti Sparsha Jyoti Khare Mamta Kalia Mamta Singh Naresh Saigal नदीम हसन चमन Rajanand Jha वि राग विनोद Yugal Gajendra अरविंद यादव  योगिता यादव Ramprakash Kushwaha Ram Pyare Rai Ramkumar Tiwari Shubhra Singh

आओ मुझे गिरफ्तार करो
____________________

अगर तुम लिखने के जुर्म में 
वरवर राव को गिरफ्तार कर सकते हो
तो मुझे क्यों नहीं
मैं भी तो कविताएं लिखता हूँ
आओ मुझे गिरफ्तार करो

लेकिन यह जान लो
तुम भले मुझे गिरफ्तार कर लो
कविताओं को गिरफ्तार नहीं कर पाओगे
कहाँ गिरफ्तार हुईं वरवर राव की कविताएं भी
वे आंधियों के हवाले हैं
वे खुद आंधियां हो चुकी हैं
और बेखौफ अपना काम कर रही हैं
तुम आओ मुझे गिरफ्तार करो

ऐसा क्या है कि तुम
वरवर राव की कविता से तो डरते हो
मेरी कविता से नहीं
क्या मेरी कविता में कुछ कम कविता है
क्या मेरे प्रतिरोध में कुछ कम प्रतिरोध है
कहाँ रह गई कमी मुझमें
मैं भारी बोझ में जी रहा हूँ
मैं इन्हें ठीक करना चाहता हूँ

मैं जीवन से लाऊंगा चुनकर हर जरूरी चीज
भूख 
टूटी हुई नींद
अनवरत जागते सपने
उदासी गुस्सा भय अपमान
मैं लाऊंगा सब
अपनी हार
और उम्मीद भी
लेकिन नहीं नहीं
मैं कविता को ही ले जाऊंगा
किताब के पन्नों से निकालकर बाहर
हर पल चोट खाती जिंदगी के बीच
जहाँ हर पल सैलाब उमड़ता रहता है

अगर फासिस्ट यह सोचता है
कि काल कोठरी का ठंडा भय दिखाकर
बर्फ कर देगा वह मेरी कलम की स्याही को
वह भोथरे कर देगा शब्द 
कलम के भीतर ही
तो वह गलती में है
यहाँ खून में डुबोकर अंगुलियाँ 
कविता लिखने का रिवाज है
यही कहा था फ़ैज़ अहमद फ़ैज़ ने 
अपने जमाने के फासिस्ट से

ओ मेरे जमाने के फासिस्ट
सुनो
यह उठती करोड़ों आवाजें 
ढाह देंगी तुम्हारी जेल की दीवारें
मैं भीतर की आवाज में शामिल होना चाहता हूँ

      मुर्दाखोर हँस रहा था
____________________

एक जिंदा आदमी भटकता है
एक जिंदा शहर की तलाश में
और मुर्दा हो जाता है

टेलीविजन पर एक मुर्दा
चीखता हुआ पूछता है मृत सवाल
जिसका मृत जवाब
चीखता हुआ देता है दूसरा मुर्दा 
टेलीविजन पर

मृत सपने लिए
करोड़ों लोग निकल पड़े हैं
वे जहाँ से आ रहे हैं
वह जगह पहले से मरी हुई थी
वे जहाँ जा रहे हैं उसे 
मुर्दों की बस्ती घोषित किया जा चुका था

जनतंत्र पहले ही मर चुका था
संसद मर चुका था
अदालतें मर चुकी थीं
बहसें मर चुकी थीं
फैसले जो भी आते थे
मरे हुए आते थे
संविधान का नाम
मरी हुई किताबों की सूची में
सबसे ऊपर लिखा मिलता था

मरे हुए लोग देख रहे थे
लोगों को मरते हुए
प्लेटफॉर्म पर
सड़क पर
पेशाबघर में
और उनके इस तरह मरने पर 
वे उन्हें गालियाँ दे रहे थे

मुर्दाखोर हँस रहा था
जिंदगी मौत से ज्यादा काली हो चुकी थी।

आपको सिस्टम से बाहर निकलना होगा
____________________

मैंने सबसे पहले गोगोई की जाति जाननी चाही
पता चला कि वे ताई अहोम हैं
जिसे अनुसूचित जाति में शामिल करने की 
कशमकश चली थी 
इसी सरकार की शुरुआत में
आगे क्या हुआ पता नहीं

मुझे तुरंत राष्ट्रपति की जाति का ख्याल आया
वे भी अनुसूचित जाति के निकले
और अपने प्रधानमंत्री तो खैर
खुद को पिछड़ी जाति का
कहते ही रहते हैं

जातियों को लेकर
यूपीए के समय जो संजोग थे
उस पर भी एक नजर डाल लीजिए
प्रधानमंत्री सिख थे
और सत्ताधारी दल की अध्यक्ष क्रिश्चियन
और शुरूआती चार वर्ष मुस्लिम राष्ट्रपति 
मतलब तीनों अल्पसंख्यक थे
इस बीच तीन वर्षों के लिए 
भारत के मुख्य न्यायाधीश पद पर
कम से कम एक दलित तो थे ही

यह दो हजार चार से दो हजार बीस तक के 
भारत के लोकतंत्र में मौजूद
सबसे ताकतवर पद पर बैठे 
लोगों की बातें हैं
इतर इन सबके कुछ ऐसे राज्य भी रहे
जैसे बिहार और उत्तरप्रदेश
जहां पिछले तीस वर्षों से लगातार
या तो पिछड़े मुख्यमंत्री रहे या दलित
लेकिन इन सबके बावजूद
ऐसा कभी लगा नहीं कि
सामाजिक न्याय की जड़ें देश में गहरी हुई हों
या ब्राह्मणवाद ज़रा भी 
टस से मस हुआ हो
या पूंजीवाद की चूलें हिली हों
हालांकि कोई कह सकता है कि
इस बीच कुछ ब्राह्मण राष्ट्रपति भी हुए थे
और कुछ ब्राह्मण मुख्य न्यायाधीश भी 
लेकिन यह जान लीजिए
अगर ये नहीं होते तब भी सब कुछ 
इसी तरह घटित होता

दरअसल ब्राह्मणवाद एक सिस्टम है
भारत में शताब्दियों से जो अपना काम कर रहा है
पहले यह सामंतवाद का मजबूत किला था
आज यह पूंजीवाद के कत्लगाह का जिम्मा
अपने हाथों में लिए हुए है
कोई भी व्यक्ति या जाति
अपनी पूरी ताकत लगा कर भी
इसे खत्म नहीं कर सकता 
ब्राह्मण भी नहीं
भले ही यह वाद उसका अपना हो
हां वह इसे मजबूत जरूर कर सकता है
और यह काम वह दूसरों के मुकाबले ज्यादा
खतरनाक ढंग से कर सकता है
बल्कि कहिए कि यही वह कर भी रहा है

अगर इन्हें देखना है तो
कहीं दूर जाने की जरूरत नहीं
साहित्य की दुनिया में ही देख लीजिए
यहां ब्राह्मणवाद का जोर इतना है कि
आज जब करोड़ों लोग सड़कों पर
भूखे मर रहे हैं
आत्महत्याएं कर रहे हैं
खून के आंसू रो रहे हैं
तब ये लोग उनकी सुध लेने की जगह
रामचन्द्र शुक्ल के नब्बे साल पहले लिखे गये 
इतिहास-लेखन को लेकर
उठे बेहद पुराने सवाल पर तलवार खींचे हुए हैं
जबकि सामान्य जानकारी रखनेवाला भी जानता है
कि इतिहास रोज बनता है
और उसे रोज लिखना पड़ता है
लेकिन इनके लिए वक्त जैसे ठहर चुका है
इतिहास की गति को अगर ये समझते तो जानते
कि बाद के नब्बे साल का इतिहास काफी है
पहले की दबा दी गई कड़ियों को ढूंढ निकालने के लिए
लेकिन इन्हें इन सबसे क्या मतलब
ये ब्राह्मणवाद की खुराक बन चुके लोग हैं
तनिक भी आँच आए उन पर
ये बर्दाश्त नहीं कर पाते
ये अपनी कविता की आलोचना पर बिफर जाते हैं
ये इस कदर अहम् के शिकार होते हैं
कि साथी लेखक की मृत्यु पर उसे नहीं पहचानने को
अपने बड़े होने के प्रमाण के तौर पर 
दुनिया के सामने रखने से भी नहीं हिचकते

आपको इनका रवैया भले ही अटपटा लगे
लेकिन सिस्टम को बनाए रखने में
इनका रवैया बड़ा कारगर साबित होता है
ये लोग चाहे किसी भी जाति के हों
अंततः ब्राह्मणवाद का कलपुर्जा होकर रह जाते हैैं
यह उनकी मजबूरी होती है
और विडंबना यह कि 
इसे वे अपनी मजबूरी नहीं समझते
वे उसे खुशी-खुशी अपनाते हैं
और खुद को धन्य समझते हैं
और ताकतवर होने का भ्रम पालते हैं

आपको ब्राह्मणवाद खत्म करना है
तो आपको सिस्टम से बाहर निकलना होगा
दिमाग में पहले से जमी
गर्द की मोटी परत आपको झाड़ फेंकनी होगी।

        जन्म की तारीख
____________________
पहले मुझे 
ऐसे लोगों से ईर्ष्या हुआ करती थी 
जिनके जन्म की तारीख दो अक्टूबर
चौदह नवंबर
पंद्रह अगस्त या छब्बीस जनवरी
हुआ करती थी

कई बड़े साहित्यकारों का
जन्मदिन भी देखा है मैंने
किसी बड़े ख़ास दिन पर पड़ते हुए
जैसे कि बुद्ध पूर्णिमा बसंत पंचमी 
या मजदूर दिवस 

मेरे जन्म की तारीख
एक सामान्य तारीख है
लेकिन मैं यह सोचकर खुद को 
खुशनसीब मानता हूँ 
कि अगर वह कोई महान दिन नहीं है
तो वह पांच अगस्त भी नहीं है
छह दिसम्बर नहीं है
छब्बीस जून या
सत्ताईस फरवरी की सुबह नहीं है
तीस जनवरी भी नहीं है

तारीख तो तारीख होती है
अगर इनमें से कोई भी तारीख होती
तो क्या हो जाता
आप जिंदगी में क्या करते हैं असल बात यह है
तारीखें नहीं
आप प्लीज़ ऐसा कुछ मत कहिएगा

यह भी नहीं कहिएगा
कि हजारों वर्षों में हजारों बार
ये तारीखें आई होंगी
ऐसे में यह हिसाब रखना असम्भव है
कि किस तारीख में कितना खून गिरा
और किसका गिरा
बेमतलब का उपदेश है यह सब
अब आप चुप हो जाइए
और सुनिए क्या कह रहे हैं लोग

मुझे तो मिलने लगे हैं वैसे लोग
वे इतराते हुए कहते हैं 
कि जिस दिन
तीन सौ सत्तर हटाया गया था
या जिस दिन नागरिकता के सवाल पर
असम में लोगों को खदेड़ा जा रहा था
या जिस दिन राममंदिर का शिलान्यास किया गया था
या कश्मीर की घाटियों में ताला लगाया गया था
बस समझिए कि वही हमारे जन्म की तारीखें हैं
वे अब आठ नवंबर नहीं कहते
अपने जन्म की तारीख नोटबंदी बताते हैं

कुछ लोग तो ऐसे मिले
जो दाभोलकर पानसरे कलबुर्गी गौरी लंकेश
कि हत्याओं की तारीखों से जोड़कर
बताते थे अपने जन्म की तारीखें 
और छूरे चमकाते थे

एक बड़े गर्व से कह रहा था
कि उसके जन्म की तारीख वही है
जिस दिन पहलू खान की हत्या की गई थी
एक की मुस्कुराहट बहुत घिनौनी थी
उसने उसी घिनौनी मुस्कुराहट के साथ कहा
वह जिस दिन पैदा हुआ था
उसी दिन आसिफा का बलात्कार किया गया था
और फिर हत्या

अगर कुछ कहना है तो यहाँ कहिए
जितनी ताकत है अंदर
सब बटोरकर चीखते हुए कहिए
हाथ-पांव सुन्न हो रहे हैं तब भी कहिए
बाहर देखिए दरवाजे पर खड़ा है पागलपन
जिसके अंदर आते ही
जिंदा रहने को तरस जाएंगे।

शहर उनके लिए गिद्ध हो चुका था
____________________

वे जहाँ से आ रहे थे
वहाँ उनके लिए कुछ नहीं बचा था
न कोई उम्मीद न कोई सपना
वे हारे हुए सैनिक की तरह लौट रहे थे
शहर उनके लिए गिद्ध हो चुका था
जो उसे नोच खाने के लिए
मंडरा रहा था 
चिमनियों के ऊपर

वे हजारों मील के सफर में थे
कभी उनके पांव के नीचे पहाड़ आते थे
कभी दबी आग 
कभी उनके साथ चलती आती थी 
लोहे की वीरान पटरियाँ
उनके पांव के नीचे पत्थर होते थे 
कांटे होते थे
गहरी खाइयां होती थीं
उनकी नींद में
थोड़ा बारुद रखा होता था

हमसफ़र रास्ते
जिनसे होकर कभी 
उनका जाना हुआ था
लौटते वक्त 
उनके खून के ताजे धब्बों से 
तर-बतर थे
हत्यारे हर कदम पर थे

हत्यारा जब भी हत्या करता था
पीछे उनकी कहानियाँ 
छोड़ जाता था
कभी टूटे चप्पल
कभी मैले-कुचैले कपड़े
इस बार पटरियों पर
रोटियाँ छूटी थीं
जिसके पास भूख की
अनगिनत कहानियाँ थीं

कुछ कहानियाँ उनका पीछा करती
गाँव तक चली आई थीं
अफसोस कि
गाँव वही नहीं रह गया था
वहाँ उनके पहुंचने से पहले
अफवाहें पहुंच गयी थीं
धमकियां पहुंच गयी थीं
अफसोस यह भी है
कि वे भी अब वही मजदूर नहीं रह गये थे
वे सस्ते मजदूर में बदलते जा रहे थे
वे बंधुवा मजदूर में बदलते जा रहे थे

यही समय है साथियों
कि आप रोक दें अपना पलायन
और खड़े हो जाएं डटकर सामने
हर उस तिकड़म के खिलाफ
इस उलटे बहते समय के खिलाफ
जो आपको सस्ता बना रहा है
बंधुवा बना रहा है

क्या आप तक खबर नहीं पहुंची
कि आपका नहीं होना 
रोक देगा देश का 
घूमता पहिया

क्या आप तक खबर नहीं पहुंची
कि बौखलाए हुए हैं पूंजीपति
और बौखलाई हुई हैं 
सरकारें भी
यह सोचकर कि उनसे ज्यादा जरूरी हैं 
आप देश के लिए
लोग यह समझने लगे हैं

वे मुसीबत बनकर टूट पड़े हैं 
आप पर 
अपनी जरूरतों के लिए
आपको निचोड़ने के लिए

जब वे खुलकर सामने आ गये हैं
तो आपकी ओर से देरी क्यों
आप भी टूट पड़ें
उनपर मुसीबत बनकर
अपनी प्रतिष्ठा और सम्मान के लिए
हक और अरमान के लिए
श्रम के लुटेरों को
सबक सिखाने का
यही वक्त है
इंतजार क्यों

       यह कैसा झूठ है
____________________

यह कैसा झूठ है
जिससे न्यू इंडिया गढ़ा जा रहा है
जहाँ जनता के पैसों को करदाताओं का पैसा 
कुछ इस तरह बताया जा रहा है मानो
वे कोई मुठ्ठी भर लोग हों
जो देश का खर्च उठाने के लिए 
सदाशयता में अपनी जेबें ढीली करते हों
जबकि सच्चाई यह है कि हल्कू भी देता है टैक्स

और वह सिर्फ टैक्स ही नहीं देता
श्रम भी करता है हाड़तोड़
वे जिसे जीडीपी कहते हैं
कभी उसके महक को देखो
हल्कू के पसीने की गंध मिलेगी 
यहां तक कि वे जिस कमाई पर टैक्स देते हैं
उसके पीछे भी हल्कू का ही श्रम लगा है
और तब यह कहना कि 
कर्जे से लदा अंबानी देश चलाने वाला करदाता है
और कड़ी मेहनत कर
देश का पेट भरने वाला हल्कू 
कर के उस रुपये पर मौज करनेवाली जनता
तो यह कपट और दुष्टता से भरे वक्तव्य 
के सिवा और कुछ नहीं है

हमारी मांग है
कि देश को देश की तरह समझा जाए
एनजीओ की तरह नहीं
करदाता को करदाता समझा जाए
फंडिंग एजेंसी नहीं
कर में प्राप्त धन को
अतिरिक्त कमाई करने के अपराध में
वसूला गया दंडित धन समझा जाए
अनुदान में दिया गया धन नहीं

हमारी यह भी मांग है
कि देश को देश ही समझा जाए 
कोई दुकान नहीं 
जहां वे हमसे कहें कि शिक्षा खरीदो
स्वास्थ्य खरीदो
न्याय खरीदो
खुशियां खरीदो सपने खरीदो उम्मीदें खरीदो
बिजली खरीदो पानी खरीदो
सुरक्षा खरीदो

जब देखो तब
वे लगातार कहते रहते हैं
खरीदो खरीदो खरीदो
लेकिन हम जानते हैं
मन में उनके चलता रहता है
बिको बिको बिको 
उन्हें लगता है कि यह
खरीदेगा नहीं तो बिकने का सोचेगा कैसे
दरअसल उनको बिक जाने वाले लोग चाहिए
अपनी मेहनत का वाजिब दाम मांगती 
मेहनतकश अवाम नहीं
उन्हें गुनहगारों की गिड़गिड़ाती भीड़ चाहिए
ताकि उसकी जिंदगी को 
वे जब चाहें चबा जाएं
जब चाहें उसके नुमाइंदे को
खरीदकर अपने गोदाम में डाल दें

यह कैसी सोच है आपकी सरकार
बेशर्मी की हद पार कर
आप बहुत आगे निकल गए हैं
यहाँ हम देश को सहेजे रखने में 
दांव पर लगा दिए हैं अपना सब कुछ
और आप पूरे देश को बरबाद कर
उसे भीख की जिंदगी जीने को बाध्य किए हुए हैं
क्या यह महज संयोग है कि
इसी दौरान भारत का एक आदमी
एशिया का सबसे धनी आदमी बन जाता है
और हमसे कहा जाता है कि
हम इसे अपनी उपलब्धि समझें
क्या आपको दिख नहीं रहा यहां हमारी जिंदगी
कीड़े-मकोड़ों से भी बदतर हो गई है
अन्न के दाने को तरसती पूरी आबादी
सड़कों पर रेंग रही है

दुश्मन हैं देश के तो
दुश्मन की तरह खुलकर सामने आइए
छिपकर वार करने जैसा घृणित काम मत कीजिए।

Saturday, May 29, 2021

कुमार प्रांजल राय

                      दिल्ली
===============================
देखो धुंध की अभेद्य चादर में लिपटी हुई
ये दिल्ली है
भारतवर्ष की राजधानी,
राजपथ बनाम जनपथ के संघर्षो के इतिहास
जिसके चेहरे पर दर्ज हैं ।
शताब्दियों के खंडहर पर उगा नामचीन शहर,
खांडवप्रस्थ का बुढ़ापा 
और इंद्रप्रस्थ की जवानी साधे,
स्वर्ण की नोंक पर टिका
सपनों की रंगीनियों में जीता है ।
छवियों को बनाता बिगड़ता है ये शहर
और छवियों के नीचे धँस जाता है सत्य ।
अनवरत दौड़ता भागता ये शहर
अपने पाँवों से बहते लहू से भी अनजान है ।
इस शहर में भारत का एलीट क्लास
और मजदूर एक साथ सोता है,
साम्य का कैसा अनगढ़ समीकरण है,
जिस पर समय भी रोता है ।
जहाँ कार्बन और सल्फर ने गुप्त संधि की है,
मौसम के खिलाफ ;
चन्द रोज पहले सुनी मैंने
खुद के पैदा किए विचारों के मलबे में
दिल्ली के धँस जाने की खबर ।
कई बार सोचता हूँ
कि दिल्ली शहर नहीं 
खुद को दोहराता हुआ 
एक पैटर्न है
और हर इंसान का चेहरा 
सूचनाओं का एक लिफ़ाफ़ा भर ।

 

कुमार प्रांजल बढ़िया लिख रहे हैं इन दिनों । राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली , और दिल्ली के दरबार तथा उसकी रंगीनियो पर सार्थक हस्तक्षेप करती कुमार की इस कविता से जहां चाल और चरित्र के दोहराव को शिद्दत से महसूस किया जा सकता है ; वही कुमार यहां बदलते रिश्ते , बदलते मुहावरे के मध्य , जीवन और इतिहास के बीच लटकती अन्तर्कथाओं , अन्तर्विरोधों का  पुनर्पाठ प्रस्तुत करने में कामयाब दिख रहे हैं । कुमार को वैसे मैं ज्यादा पढ़ा भी नहीं , बस यह उनकी दूसरी- तीसरी कविता है मेरे लिए पर इस कवि की संभावनाओं से आश्वस्त हूं  । बढ़िए निरंतर , कुमार प्रांजल । शुभकामनाएं ,अशेष ।

 "कई बार सोचता हूँ
कि दिल्ली शहर नहीं 
खुद को दोहराता हुआ 
एक पैटर्न है
और हर इंसान का चेहरा 
सूचनाओं का एक लिफ़ाफ़ा भर।"


यह एलीट को लेकर बनने वाली आम धारणा है । प्रत्येक समाज के बुनावट में एक क्लास है,  एक लेयर है , और यही क्लास कि लेयर आदमी को खंडित करता है । हिंदी इससे अछूता नहीं है ।

युद्ध करूणा का अंत है

यदि आपके पास थोड़ा-सा समय है , थोड़ा-सा धैर्य है , बचा हुआ ! यकीनन , थोड़ी फुरसतिया में हों और ठहर सकें तो ठहरिए , रुकिए और देखिए !! नीलोत्प...